नीमच। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ 9 सितंबर से होगा। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर विभिन्न पोषण जागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। इसके तहत आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों एवं महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल तथा प्रारंभिक बाल विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया जाएगा।
संतुलित आहार के प्रति बढ़ेगी जागरूकता-
पोषण माह के दौरान संतुलित एवं पोषण विविधता वाले आहार के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। स्थानीय खाद्य पदार्थों, मोटे अनाज, दाल, हरी सब्जियों, मौसमी फलों एवं प्रोटीनयुक्त आहार के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शन, पोषण मेले तथा गर्म पके भोजन की गुणवत्ता एवं विविधता से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बच्चों के विकास पर विशेष ध्यान-
अभियान के दौरान 0 से 3 वर्ष के बच्चों के विकासात्मक पड़ावों की पहचान तथा 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के साथ ही पात्र महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जनभागीदारी से पोषण बनेगा जन-आंदोलन-
पोषण माह के तहत जनप्रतिनिधियों, पंचायतों, स्व-सहायता समूहों, अभिभावकों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। विभाग का उद्देश्य पोषण के प्रति जागरूकता को व्यापक रूप देते हुए इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देना है।