शाजापुर। सोशल मीडिया पर इस्लाम धर्म को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में मंगलवार को AIMIM कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने आरोप लगाया कि मक्सी थाना क्षेत्र के एक युवक द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस्लाम धर्म को लेकर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। उन्होंने कहा कि इस टिप्पणी से समाज में रोष है और ऐसी पोस्ट से जिले की सामाजिक सद्भावना प्रभावित होने की आशंका है।
ज्ञापन देने के दौरान पुलिस अधीक्षक से प्रतिनिधिमंडल में कितने लोगों को मिलने दिया जाए, इस मुद्दे को लेकर प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान और एसडीओपी के बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में मामले में कार्रवाई की मांग दोहराई गई।
मोहसिन अली खान ने कहा कि किसी भी धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली थाना पुलिस को नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली थाने में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर विभिन्न धाराओं में कार्रवाई शुरू की गई।
इस दौरान AIMIM के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी धार्मिक या आपत्तिजनक सामग्री को साझा करने से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।