शहडोल। साइबर अपराधों की रोकथाम और ऑनलाइन ठगी के पीड़ितों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहडोल जिले के सभी 14 थानों में साइबर डेस्क शुरू की गई हैं। अब साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए नागरिकों को जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने नजदीकी थाने में ही शिकायत दर्ज कराकर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय अग्रवाल ने बुढार थाने में फीता काटकर साइबर डेस्क का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत थाना स्तर पर ही साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से संबंधित शिकायतें प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
साइबर डेस्क के माध्यम से ऑनलाइन ठगी, साइबर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध सहित अन्य साइबर अपराधों की शिकायतों पर प्राथमिक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। इससे पीड़ितों की शिकायत पुलिस तक जल्द पहुंचेगी और उन्हें समय पर सहायता मिलने में मदद मिलेगी।
पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें। ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
जिले के सभी थानों में साइबर डेस्क शुरू होने से साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को थाना स्तर तक मजबूत करने और पीड़ितों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।