मनासा। ग्राम नलखेड़ा में शासकीय स्कूल एवं अचलपुरा रोड के समीप स्थित तालाब में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव में पहली बार मगरमच्छ नजर आने से लोगों में भय बना हुआ है। मगरमच्छ तालाब में कब और कहां से आया, इसकी जानकारी फिलहाल किसी को नहीं है।
ग्राम सरपंच प्रतिनिधि कमलेश मोड़ एवं पंच कमलेश शर्मा ने बताया कि मंगलवार को ग्रामीणों ने तालाब में मगरमच्छ देखा। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग मनासा को दी गई। वन विभाग की ओर से बुधवार सुबह मगरमच्छ को पकड़ने के लिए तालाब में पिंजरा लगाने की बात कही गई है।
स्कूल के पास तालाब, बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता-
तालाब शासकीय स्कूल के समीप होने के कारण ग्रामीणों को बच्चों की सुरक्षा की भी चिंता सता रही है। एहतियात के तौर पर ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों से गाय, भैंस, भेड़, बकरी सहित अन्य पशुओं को तालाब के पास नहीं ले जाने की अपील की है।
मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना के बाद ग्रामीण सतर्क हैं और वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर तालाब से हटाया जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका न रहे।