शिवपुरी। जिले की नरवर तहसील क्षेत्र के ग्राम नंदपुर से ग्रामीण व्यवस्था और रास्ते के विवाद की एक गंभीर तस्वीर सामने आई है। यहां खेत पर निवास करने वाले किसान युगल किशोर ओझा की भावी की डिलीवरी के दौरान उसे खेत से सड़क तक पहुंचाने के लिए खाट का सहारा लेना पड़ा। प्रसूता महिला को खाट पर लिटाकर करीब 100 से 130 फीट का रास्ता पार कराया गया, जिसके बाद सड़क पर खड़ी इको कार से उसे स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इस मामले का वीडियो भी सामने आया है।
परिजनों का आरोप है कि उनके खेत तक आने-जाने के लिए वर्षों से इस्तेमाल हो रहे पारंपरिक रास्ते को पड़ोसियों द्वारा कथित तौर पर जुताई कर खेत में मिला लिया गया है। रास्ते की जगह पर धान की फसल बोए जाने की बात भी सामने आई है। इसके चलते किसान परिवार को अपने खेत और घर तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ित किसान का नाम नंदपुर में सर्वे नंबर 48 में 5.44 हेक्टेयर भूमि अभिलेख में दर्ज है। और इस भूमि पर सर्वे नंबर 54 और 55 की मेड़ से होकर पूर्व से परंपरागत रास्ता चला आ रहा था, जिसका उपयोग पूर्व भूमि स्वामी सहित किसान कृषि यंत्रों के आवागमन के लिए करते रहे हैं। लेकिन अमरचंद और ज्ञानी ने इस रास्ते को कथित रूप से जोतकर अपने खेत में मिला लिया गया है।
जब पूरे मामले पर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी से चर्चा गई तो उन्होंने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित किसान की समस्या का समाधान करने की बात कही।