गरोठ। भारतीय किसान संघ जिला कार्यकारिणी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष कमल आंजना और मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी के साथ किसानों की समस्याओं को लेकर विस्तृत और गंभीर चर्चा की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से दो प्रमुख मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया गया -
1. वर्ष 2019 में मुआवजे की बकाया 75 प्रतिशत राशि को लेकर।
2. वर्ष 2025 के फसल बीमा को लेकर।
क्षेत्र के हजारों किसान बीमा के पात्र होने के बावजूद भी बीमा का लाभ नहीं मिल सका है। कई गांवों में पटवारी रिपोर्ट और बीमा कंपनी के ऑनलाइन रिकॉर्ड पोर्टल में भारी अंतर देखने को मिला है, जिससे किसान परेशान हैं।
ऐसी स्थिति में भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री द्वारा आश्वासन दिया गया कि तकनीकी त्रुटियां जैसे गिरदावरी रिकॉर्ड की गड़बड़ी को सुधरवाना और बीमा का क्लेम का उचित भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में सुनिश्चित करवाने के लिए प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री व कृषि विभाग के आला अधिकारियों के समक्ष बात रखी जाएगी।