चित्तौड़गढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत मतदान दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया एवं निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश धाकड़ एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा सहित संबंधित अधिकारियों के साथ राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुंभानगर, गाड़िया लोहार स्कूल तथा महाराणा प्रताप महाविद्यालय स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर तैनात मतदान दलों से अब तक हुए मतदान की जानकारी ली। साथ ही मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं मतदान की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मतदान दलों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए।
मतदाताओं की सुविधाओं का भी लिया जायजा-
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं से बातचीत कर उनके लिए की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान के दौरान किसी भी मतदाता को असुविधा नहीं हो तथा केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध रहें। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं अन्य मतदाताओं की सुविधा का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा-
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी स्थिति में निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित नहीं होने देने के निर्देश दिए।