चित्तौड़गढ़। बस्सी थाना क्षेत्र के बल्दरखा एवं आसपास के खेतों में मोटरों की केबल चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। इस प्रकार अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई केबल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को बल्दरखा एवं पालका गांव के आसपास खेतों से मोटरों की केबल चोरी कर ले जाने की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया था। चोरी गए माल की बरामदगी और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए मामले में पूर्व में राजूलाल बावरी एवं शांतिलाल मीणा को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ एवं अनुसंधान के आधार पर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की गई। इसी क्रम में बस्सी थाना पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में किशनलाल बावरी (51), निवासी सवाईपुर ढेलाना, थाना कोटड़ी, जिला भीलवाड़ा; हीरालाल बावरी (50), निवासी निमगांव, चिकारड़ा रोड मंगलवाड़, थाना मंगलवाड़, जिला चित्तौड़गढ़; तथा दो अन्य आरोपी शामिल हैं। इनमें से एक आरोपी की उम्र 18 वर्ष से कम बताई गई है, इसलिए उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा उनसे पूछताछ और आगे की जांच जारी है। पुलिस टीम में एएसआई रमेशचंद्र तथा कांस्टेबल हरप्रीत, तेजपाल, शंकरलाल एवं रामस्वरूप शामिल रहे।