कटनी। शासकीय तिलक पीजी कॉलेज में बुधवार को प्रथम वर्ष की सैकड़ों जेन-जी छात्राओं ने मेजर और माइनर विषय बदलने की मांग को लेकर धरना दिया। छात्राएं प्राचार्य कक्ष के बाहर बैठ गईं।
उनका आरोप है कि एडमिशन के समय कॉलेज की ओर से बाद में अपनी पसंद के विषय चुनने की जानकारी दी गई थी, लेकिन अब विषय बदलने से मना किया जा रहा है। छात्राओं का कहना है कि इससे उनका साल खराब होने की स्थिति बन रही है।
एडमिशन के समय बाद में विषय बदलने की बात कही
धरने पर बैठी छात्रा करण वर्मा ने बताया कि बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश के समय छात्राओं से कहा गया था कि फिलहाल प्लेन विषय लेकर एडमिशन ले लें। बाद में अपनी पसंद के अनुसार मेजर और माइनर विषय बदलने की बात कही गई थी।
अब कॉलेज ने भोपाल स्तर की प्रक्रिया बताई
छात्राओं का कहना है कि जब वे विषय बदलवाने कॉलेज पहुंचीं तो प्रशासन ने बताया कि कॉलेज स्तर से बदलाव संभव नहीं है। इसके लिए भोपाल स्तर से सुधार की प्रक्रिया पूरी होगी। छात्राओं का आरोप है कि उन्हें पहले सही जानकारी नहीं दी गई और अब विषय बदलने के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
एनएसयूआई ने आंदोलन को समर्थन दिया
छात्राओं के धरने की जानकारी मिलने पर एनएसयूआई के प्रतिनिधि भी कॉलेज पहुंचे। संगठन के वंशकार ने छात्राओं की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि कॉलेज प्रशासन ने प्रवेश के समय विषय बदलने की बात कही थी। अब छात्राओं को भोपाल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
एक सप्ताह में समाधान नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर छात्राओं की समस्या का समाधान नहीं हुआ और विषय परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
घंटों प्रभावित रहा कॉलेज का काम
सैकड़ों छात्राओं के प्राचार्य कक्ष के बाहर धरने पर बैठने से कॉलेज का प्रशासनिक काम कई घंटे प्रभावित रहा। बाद में कॉलेज प्रशासन की ओर से आश्वासन दिए जाने के बाद छात्राओं ने धरना समाप्त कर दिया।