निवाड़ी। बुधवार को बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल संबोधन किया। उन्होंने ओरछा के जहांगीर महल के नाम पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जहांगीर यहां आया ही नहीं, तो इसे जहांगीर महल कैसे कहा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने इसे वीर सिंह महल बताया। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाने और खेती से आय बढ़ाने की अपील भी की।
2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना और खेती को ज्यादा लाभ वाला काम बनाना है।
कृषि यंत्र और उन्नत बीज अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने किसानों से कृषि विशेषज्ञों की सलाह लेकर नई तकनीक अपनाने को कहा। उन्होंने उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की अपील की।
प्राकृतिक खेती के साथ दूसरे कामों पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने किसानों से दुग्ध उत्पादन, श्रीअन्न, मत्स्य पालन और उद्यानिकी से जुड़ने को कहा। उन्होंने कहा कि किसान अपनी रुचि के अनुसार इन कामों को शुरू कर आय बढ़ा सकते हैं।
फसल ऋण चुकाने की अवधि एक साल की
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जा रहा है। खरीफ और रबी फसलों के ऋण की अवधि छह-छह महीने से बढ़ाकर एक साल कर दी गई है। अब किसान ऋण लेने की तारीख से एक साल में इसे चुका सकेंगे।
महोत्सव में कृषि विशेषज्ञों ने नई तकनीक बताई
निवाड़ी कृषि उपज मंडी परिसर में हुए कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को नई खेती पद्धतियों और आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी।
अलग-अलग कामों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले किसान सम्मानित
कार्यक्रम में संरक्षित खेती के लिए उदयभान कुशवाहा, औषधीय खेती के लिए सतीश बंशकार, कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए सुरेश कुमार साहू और ई-कृषि यंत्र अनुदान के लिए कुलदीप सिंह दांगी को सम्मानित किया गया।
डेयरी प्लस के लिए अरविंद घोष, गौ-मैत्री योजना के लिए सुरेंद्र कुमार यादव, प्राकृतिक खेती के लिए लालाराम सूत्रकार और मत्स्य बीज उत्पादन के लिए कैलाश नारायण केवट को भी सम्मान मिला।
10वीं में प्रदेश में नौवीं रैंक वाली छात्रा सम्मानित
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निवाड़ी की छात्रा शिवानी कुशवाहा को 10वीं परीक्षा में प्रदेश की प्रवीण सूची में नौवां स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया गया। जिले के अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मान मिला।
यह रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अपेक्स बैंक भोपाल के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, बलराम कृषि महोत्सव के प्रदेश प्रभारी कपिल दार्दे, विधायक अनिल जैन, जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया, कलेक्टर जमुना भिड़े और एसपी डॉ. राय सिंह नरवरिया मौजूद रहे।