मंदसौर। श्री पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति की बैठक कलेक्टर दिव्यांक सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सांसद सुधीर गुप्ता, मंदसौर विधायक विपिन जैन, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा, संबंधित अधिकारी एवं मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में श्री पशुपतिनाथ मंदिर परिसर एवं अतिथिगृह चंद्रपुरा में सौर ऊर्जा लाइट लगाने, मंदिर की वेबसाइट विकसित करने और ऑनलाइन सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की गई। इसके अलावा श्री पशुपतिनाथ भक्त निवास के निर्माण, दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए बेरिकेटिंग, मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था हेतु भूमि अधिग्रहण तथा श्री तापेश्वर मंदिर का फर्श बदलने संबंधी विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में पुजारियों के वेतन में वृद्धि के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने मंदिर से जुड़े विकास कार्यों के लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर को प्राप्त दान राशि का बेहतर एवं उचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने नदी में पूजा सामग्री डालने से रोकने के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार कलश स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि भक्त पूजा सामग्री नदी में विसर्जित करने के बजाय निर्धारित स्थान पर रख सकें।