मनासा। आगामी त्योहारों को लेकर मनासा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेश चतुर्थी और ढोलग्यारस सहित अन्य त्योहारों के दौरान नगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई।
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी साबेरा अंसारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति सदस्यों से उनके सुझाव लिए गए। बैठक में सदस्यों ने त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का मुद्दा भी उठाया गया। समिति सदस्यों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने की मांग की।
वहीं गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सदस्यों ने सुझाव दिए। उन्होंने विसर्जन मार्गों पर पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग रखी।
बैठक में एसडीएम किरण आंजना, तहसीलदार और नवागत थाना प्रभारी सहित शांति समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही।