मंदसौर। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने मंगलवार को कलेक्टर सभा कक्ष में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह अभियान एवं पायलट प्रोजेक्ट ‘स्वस्थ बचपन, बेहतर भविष्य, राह दिखाती आंगनवाड़ी’ का शुभारंभ किया। जिले में पोषण माह अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के सीईओ अनुकूल जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अंकिता पंडया, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, ब्लॉक समन्वयक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं हितग्राही मौजूद रहे।
शुभारंभ अवसर पर बच्चों को पौष्टिक लड्डू एवं स्वच्छता किट वितरित किए गए। प्रत्येक बच्चे की पोषण स्थिति की निगरानी के लिए व्यक्तिगत कार्ड भी तैयार किया गया।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों को कुपोषण से बाहर लाने के लिए प्रभावी प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले में जो भी बच्चे एसएएम, एमएएम एवं अति कम वजन की श्रेणी में हैं, उनकी नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के पोषण एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
बेहतर कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलेगा पुरस्कार-
कलेक्टर ने बताया कि कुपोषित बच्चों को कुपोषण से बाहर लाने में बेहतर कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। इससे कार्यकर्ताओं को बेहतर परिणाम देने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
333 कुपोषित बच्चे प्रथम चरण में चिन्हित-
‘स्वस्थ बचपन, बेहतर भविष्य, राह दिखाती आंगनवाड़ी’ पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत मंदसौर शहर से की गई है। इसके प्रथम चरण में 333 कुपोषित बच्चों को चिन्हित किया गया है। इन बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें कुपोषण से बाहर लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।