खरगोन। जिले के सेगांव में नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश से आए 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी फर्जी CID कार्ड और डॉक्टर का कार्ड लेकर घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी पर पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
मामला सेगांव चौकी के लोनारा रोड का है। 8 सितंबर की शाम 7 बजे नाबालिग बालिका घर से मंचूरियन लेने निकली थी। रास्ते में आरोपी अबूजर खान ने उसे गलत नीयत से रोक लिया और हाथ पकड़कर परेशान किया। डरी-सहमी बालिका घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजनों की शिकायत पर सेगांव पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज कर आरोपी को धर दबोचा।
UP के सहारनपुर का है आरोपी -
आरोपी की पहचान अबूजर पिता मुनीम अहमद (23), निवासी तितोरा, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि वह एक दिन पहले ही सेगांव आया था।
स्नैपचैट से दोस्ती, फर्जी CID बनकर घूम रहा था -
पुलिस को आरोपी के पास से कई संदिग्ध कार्ड मिले हैं, जिनमें वह खुद को CID अधिकारी और डॉक्टर बताता था। पुलिस अब जांच कर रही है कि क्या आरोपी की नाबालिग से पहचान स्नैपचैट के जरिए हुई थी। पुलिस का कहना है कि कार्डों की वैधानिकता की जांच जारी है पुलिस ने इस मामले में लव जिहाद और नाम बदलकर फंसाने की चर्चाओं को सिरे से खारिज किया है। चौकी प्रभारी गजेन्द्र सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि आरोपी ने हिंदू बनकर नहीं फंसाया, जो पहचान थी वही बात हुई थी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 74, 75, 126 और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।