नीमच। जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर तहसील जावद के ग्राम बरखेड़ा चौहान में प्रशासन ने शासकीय एवं श्मशान भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर भूमि खाली कराई।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने शासकीय एवं श्मशान भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी, जावद के समक्ष जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन के बाद मौजा पटवारी से प्रतिवेदन प्राप्त किया गया। इसके आधार पर न्यायालय नायब तहसीलदार, तहसील जावद में प्रकरण क्रमांक 0024/अ-68/2026-27जी दर्ज किया गया।
प्रकरण में ग्राम बरखेड़ा चौहान की शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 253/1, कुल रकबा 2.260 हेक्टेयर में से 0.300 हेक्टेयर भूमि पर किए गए अतिक्रमण के संबंध में बेदखली आदेश पारित किया गया।
आदेश के बाद मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला
बेदखली आदेश के पालन में 9 सितंबर को मौजा पटवारी एवं कोटवारों के दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान श्मशान भूमि से अतिक्रमण हटाया गया और भूमि को खाली कराया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार जिले में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई आगे भी नियमानुसार जारी रहेगी।