नीमच। महिला स्वयं सहायता समूह संघ मध्यप्रदेश ने एमडीएम एवं आंगनवाड़ी कार्यों में लगे महिला स्वयं सहायता समूह संचालकों और रसोइयों की लंबित राशि का समय पर भुगतान नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ के अनुसार प्रदेश में करीब 96 हजार महिला स्वयं सहायता समूह संचालक एवं 2 लाख 32 हजार महिला रसोइया इन कार्यों से जुड़ी हैं।
संघ की प्रदेश अध्यक्ष माया-मनोहर बैरागी ने बताया कि महिला समूह पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ बच्चों और हितग्राहियों के लिए भोजन एवं पोषण व्यवस्था संचालित कर रहे हैं, लेकिन पिछले दो-तीन माह से राशि का समय पर भुगतान नहीं होने के कारण समूह संचालकों और रसोइयों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो रहा है। इसके अलावा जून माह के 15 दिवस का मानदेय भी पिछले दो वर्षों से लंबित बताया गया है।
संघ ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि लंबित राशि का तत्काल भुगतान कर महिला समूह संचालकों एवं रसोइयों को राहत प्रदान की जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते लंबित राशि का भुगतान नहीं किया गया तो 20 सितम्बर से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन आंदोलन, धरना-प्रदर्शन एवं ‘चूल्हा बंद आंदोलन’ किया जाएगा।
संघ ने कहा कि आंदोलन की समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। यह जानकारी महिला स्वयं सहायता समूह संघ की नीमच जिला अध्यक्ष माया-पुष्कर पाटीदार राबड़िया ने दी।