मंदसौर। इंदिरा गांधी जिला अस्पताल में गुरुवार को माइक्रोबायोलॉजी और हिस्टोपैथोलॉजी सर्विस लैब का शुभारंभ हुआ। नई सुविधा शुरू होने से अस्पताल में संक्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया और फंगस की जांच के साथ टिश्यू एवं बायोप्सी जांच भी हो सकेगी। इससे मरीजों के सैंपल जांच के लिए दूसरे बड़े शहरों में भेजने की जरूरत कम होगी।
मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. शशि गांधी ने बताया कि जिला अस्पताल में पहले माइक्रोबायोलॉजी लैब की सुविधा नहीं थी। अब माइक्रोबायोलॉजी विभाग द्वारा यह सेवा शुरू की गई है। लैब में यूरिन, बलगम और ब्लड सहित विभिन्न सैंपल की जांच कर बैक्टीरिया की पहचान की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित संक्रमण में कौन-सा एंटीबायोटिक प्रभावी रहेगा, इसकी भी जांच की जा सकेगी।
फंगल संक्रमण की भी होगी जांच-
लैब में त्वचा, नाखून और आंखों सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में होने वाले फंगल संक्रमण की पहचान की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
वहीं, हिस्टोपैथोलॉजी सेवा के तहत प्रभावित टिश्यू की बारीकी से जांच और बायोप्सी की सुविधा मिलेगी। इससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की पहचान में मदद मिलेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सक मरीज के उपचार की दिशा तय कर सकेंगे।
नई लैब से मंदसौर जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। संक्रमण और टिश्यू से जुड़ी बीमारियों की जांच के लिए सैंपल दूसरे शहरों में भेजने की आवश्यकता कम होगी।
लैब का उद्घाटन नगर निगम अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर ने किया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. शशि गांधी, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. बीएल रावत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके द्विवेदी मौजूद रहे।