शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र के अमोलपठा गांव में को शराब दुकान बंद कराने पहुंची महिलाओं और पुलिस-आबकारी विभाग की टीम के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान महिलाओं ने पुलिस और आबकारी कर्मचारियों पर लाठियां चलाईं। स्थिति बिगड़ने पर टीम मौके से पीछे हट गई। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं।
जानकारी के अनुसार, महिलाओं के पहुंचने से पहले ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीम शराब दुकान पर मौजूद थी। महिलाओं ने दुकान बंद कराने की मांग की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।हालात बिगड़ने पर महिलाओं ने लाठियां उठा लीं। पुलिस व आबकारी कर्मचारियों की ओर बढ़ीं। दोपहर तक गांव में तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाले रखा। आपको बता दें कि पिछले 3 दिनों में पिछोर बामौरकला, मनपुरा ,भौंती, थरखेड़ा , अमोला सहित कई जगह शराब से भरी पेटियाँ रोड़ पर फेंककर आग लगा दी तो कई जगह पत्थरो से तोड़ दी देर रात थरखेड़ा गांव में भी महिलाओं ने शराब दुकान पर प्रदर्शन किया। अंदर रखी शराब की पेटियां बाहर निकाल दीं।
लगातार हो रही घटनाओं के बीच आज शराब ठेकेदारों ने जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने शराब दुकानों के लाइसेंस सरेंडर करने की बात कही है। ठेकेदारों का आरोप है कि पिछले तीन दिनों में नया अमोला, थरखेड़ा, अमोल, मायापुर और खोड़ की शासकीय शराब दुकानों पर तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाएं हुई हैं। उनका कहना है कि दुकानों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभालने में प्रशासन नाकाम रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है।