नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आमजन की समस्याओं के निराकरण, पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने तथा प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जिले में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 11 सितंबर 2026 को नगर परिषद रामपुरा में शिविर आयोजित होगा।
शिविर में नगर परिषद रामपुरा के साथ बैसला, बारवाड़िया, मजीरिया, चेनपुरिया, चंद्रपुरा, अमरपुरा, बुज, डायली, खिमला ब्लॉक, खेतपालिया, लसुडिया ईस्तमुरार एवं सोनडी ग्राम पंचायतों के नागरिक शामिल होंगे। संबंधित क्षेत्र के नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें और शासकीय योजनाओं से जुड़े आवेदन शिविर में प्रस्तुत कर सकेंगे।
शिविर में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव सहित जिले के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। अधिकारी आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा संबंधित विभागों के माध्यम से प्रकरणों के निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे 11 सितंबर को नगर परिषद रामपुरा में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत करें और मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का लाभ उठाएं।