रतलाम। रतलाम-झाबुआ मार्ग पर बामनिया और करवड़ में अधूरे निर्माण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सड़क से डामर की परत उखाड़ने के बाद बने गहरे निशानों से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
8 सितंबर की शाम बामनिया में इसी मार्ग पर दोपहिया वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिला समेत दो लोग घायल हुए।
इस मामले को लेकर थांदला विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि और जिला युवा कांग्रेस महामंत्री गजेंद्र (गुड्डू) मुणिया ने पेटलावद एसडीएम रितिका पाटीदार को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण की जांच और अधूरा काम जल्द पूरा कराने की मांग की है।
डामर हटाने के बाद सड़क पर बने निशान
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बामनिया में बिना तय योजना के सड़क से डामर की परत मशीनों से उखाड़ दी गई। इससे सड़क पर नाली जैसे गहरे निशान बन गए हैं। दोपहिया वाहन चालकों को इनसे संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है।
8 सितंबर को दोपहिया वाहन ने लोगों को टक्कर मारी
मुणिया के अनुसार 8 सितंबर को शाम करीब 7 बजे बामनिया से छायन पश्चिम की ओर जाते समय एक दोपहिया वाहन घर के सामने खड़े एक ही परिवार के सदस्यों से टकरा गया।
हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। एक महिला गंभीर घायल हुई, जबकि वाहन चालक को भी चोट आई।
स्टेशन के कारण बामनिया में रहता है ज्यादा यातायात
ज्ञापन में कहा गया है कि बामनिया में रेलवे स्टेशन होने के कारण दिनभर वाहनों और लोगों की आवाजाही रहती है। सड़क का काम अधूरा होने से यहां जाम और हादसे का खतरा बढ़ रहा है।
करवड़ तिराहे पर भी निर्माण अधूरा
ज्ञापन में करवड़ तिराहे पर चल रहे अधूरे निर्माण का भी मुद्दा उठाया गया है। यहां भी सड़क की स्थिति के कारण वाहन चालकों को परेशानी होने की बात कही गई है।
ठेकेदार की जांच और सड़क ठीक कराने की मांग
विधायक प्रतिनिधि ने अधिकारियों से ठेकेदार के काम की जांच कराने और सड़क को जल्द ठीक कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि पहले दी गई मौखिक शिकायतों पर समय रहते ध्यान दिया जाता तो हादसा टाला जा सकता था।