मंदसौर। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनीष कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार रथ रवाना किए गए।
गुरुवार, 10 सितंबर को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनीष कुमार मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार-रथ के रूप में तैयार वाहनों को रवाना किया। इन वाहनों के माध्यम से जिले के सुदूर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर नेशनल लोक अदालत के आयोजन की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों के निराकरण से होने वाले लाभों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सिद्धार्थ तिवारी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अतुल बिल्लौरे, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुधीर सिंह निगवाल, जिला विधिक सहायता अधिकारी अपर्णा लोधी सहित विद्युत विभाग के अधिकारी, अधिवक्तागण एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।