मंदसौर। सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत ने बताया कि 23 जुलाई 2026 को भानपुरा थाना क्षेत्र से करीब दो दिन की उम्र का एक अज्ञात एवं लावारिस नवजात बालक मिला था। नवजात का वजन उस समय करीब 2.69 किलोग्राम था। पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन स्टॉप सेंटर और 108 एम्बुलेंस की सहायता से बालक को जिला चिकित्सालय की एसएनसीयू (विशेष नवजात देखभाल इकाई) में भर्ती कराया गया।
बालक को पुलिस थाना भानपुरा के आरक्षक शिवसिंह राठौड़ (बैच नंबर 272), महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर राजलक्ष्मी हाड़ा, वन स्टॉप सेंटर मंदसौर की प्रशासक रेखा चौहान एवं 108 एम्बुलेंस चालक के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। भर्ती के समय नवजात का वजन 2.68 किलोग्राम था।
एसएनसीयू की टीम ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार नवजात की आवश्यक उपचार एवं देखभाल की। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की निरंतर निगरानी एवं उपचार के बाद नवजात अब पूर्णतः स्वस्थ है। उसका वजन बढ़कर 3.77 किलोग्राम हो गया है।
डॉ. रावत ने बताया कि नवजात के पूर्ण स्वस्थ होने के बाद 9 सितंबर 2026 को उसे सुरक्षित रूप से शिशु गृह, नीमच कैंट (न्यू इंदिरा नगर, नीमच) स्थानांतरित कर दिया गया है।