शाजापुर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कलेक्टर ऋजु बाफना के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी एवं सहायक संचालक नीलम चौहान के मार्गदर्शन में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत 10 सितंबर 2026 को जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के तहत शासन द्वारा निर्धारित थीम के अनुसार स्थानीय एवं क्षेत्रीय खाद्य पदार्थों, विभिन्न खाद्य समूहों, पौष्टिक आहार तथा पर्याप्त प्रोटीन के महत्व को लेकर जन-जागरूकता गतिविधियां की गईं। स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों से तैयार विभिन्न व्यंजनों एवं रेसिपी का प्रदर्शन किया गया। साथ ही स्थानीय खाद्य विविधता से तैयार गर्म पके भोजन की स्वच्छ एवं सुरक्षित तैयारी का लाइव प्रदर्शन भी किया गया।
पालकों एवं समुदाय के साथ नाश्ते तथा गर्म पके भोजन की गुणवत्ता एवं निर्धारित मेन्यू के पालन को लेकर संवाद किया गया। इसके अलावा 3 से 6 वर्ष आयु के बच्चों को ताजा एवं स्थानीय विविधतायुक्त नाश्ता तथा गर्म पका भोजन उपलब्ध कराया गया।
पर्यवेक्षकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा शाजापुर जिले के नवाचार ‘घर में पकाएंगे-घर का खाएंगे’ के तहत गर्भवती माताओं, धात्री माताओं, किशोरी बालिकाओं एवं परिवारों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। इसके लिए पोषण मटका, रंगोली, पोषण प्रदर्शनी, शपथ एवं रैली जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को ताजा एवं स्थानीय विविधतायुक्त नाश्ता और गर्म पका भोजन भी प्रदान किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा 9वें राष्ट्रीय पोषण माह की इस वर्ष की मुख्य थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ के तहत गांवों के प्रमुख स्थानों पर दीवार लेखन के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों से संचालित एवं प्रदाय की जाने वाली विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।