सनावद नर्मदा परिक्रमा में आने वाले प्रसिद्ध टोकसर मंदिर में दानपेटी चोरी के मामले में सनावद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
9 सितंबर को मंदिर के पुजारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर रात में मंदिर की दानपेटी और उसमें रखे लगभग 5 हजार रुपये चुरा ले गए हैं। पुलिस अधीक्षक खरगोन के निर्देश पर SDOP बड़वाह श्रीमती अर्चना रावत और थाना प्रभारी धर्मेन्द्र यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर 20 से अधिक CCTV खंगाले गए।
मुखबिर की सूचना के आधार पर मोहित योगी उम्र 20 साल, अमित प्रेमी उम्र 19 साल, आदित्य कछावे उम्र 20 साल, नीरज राठौर उम्र 20 साल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चारों ही आरोपी सनावद के हैं।
पूछताछ के दौरान पाया गया कि आरोपी मोहित योगी और अमित प्रेमी के ऊपर पूर्व में भी चोरी के प्रकरण दर्ज पाए गए हैं।
आरोपियों ने बताया कि रात में मंदिर सुनसान देखकर दानपेटी उखाड़कर बाइक पर रखकर ले गए और बाद में तोड़कर पैसे आपस में बाँट लिए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 3 हजार 703 रुपये नगद, दानपेटी और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल कीमत 80 हजार सहित कुल 83 हजार 703 रुपये का मशरूका जप्त किया है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।