देवास/सतवास। सतवास तहसील के ग्राम पंचायत बड़ौदा के अंतर्गत आने वाले पुनर्वास क्षेत्र में 55 वर्षीय महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना में मृतका की बेटी भी घायल मिली, जिसे गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौके पर माया पति अशोक शर्मा मृत अवस्था में मिलीं। वहीं उनकी पुत्री रानू पति राकेश घायल अवस्था में मिली। घायल रानू को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर किया गया। फिलहाल उसका उपचार इंदौर में जारी बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद करीब 3 साल की बच्ची खून से सने कपड़ों में रोते हुए घर से बाहर आई, जिसके बाद पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी सौम्या जैन, एसडीओपी आदित्य तिवारी और सतवास थाना प्रभारी आशीष पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जांच शुरू की।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद देर रात सतवास पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल हत्या के पीछे का कारण और वारदात की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, संदिग्धों से पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।