रतलाम। फाइव-डे वर्किंग समेत विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मी 11 सितंबर को हड़ताल पर रहेंगे, इसके चलते शुक्रवार को बैंकों में कामकाज नहीं होगा। इसके अगले दिन 12 सितंबर को शनिवार व 13 सितंबर को रविवार को छुट्टी के कारण बैंक अब सोमवार को खुलेंगे।
हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के राष्ट्रीय आह्वान पर की जा रही है। रतलाम में 50 से अधिक बैंक शाखाओं के करीब एक हजार कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे। शुक्रवार सुबह 11 बजे सभी बैंकों के कर्मचारी एसबीआई की मुख्य शाखा, मित्र निवास रोड पर एकत्र होकर नारेबाजी करेंगे।
लंबे समय से फाइव-डे वर्किंग की मांग
यूनियन के विजय सोनी ने बताया कि बैंककर्मी लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा पीएलआई में भेदभाव और अन्य लंबित मुद्दों के निराकरण की मांग भी की जा रही है। इन मांगों को लेकर देशभर में बैंककर्मी एक दिन की हड़ताल कर रहे हैं।
बैंककर्मियों नरेंद्र सोलंकी, हरीश यादव और कल्पेश बैरागी ने बताया कि यदि मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो 28 सितंबर से बैंककर्मी तीन दिवसीय हड़ताल पर जाएंगे। बैंक यूनियनों ने मांगों के जल्द निराकरण की मांग की है।