नीमच। शहर में पेयजल वितरण को लेकर लगातार मिल रही गंदे पानी की शिकायतों के बीच नगर पालिका ने मौके पर पानी की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को जलप्रदाय शाखा के शिकायत निवारण दल ने ऑफिसर्स कॉलोनी पहुंचकर विभिन्न स्थानों से पेयजल के नमूने लिए। टीम ने एसडीएम पराग जैन और कृषि अधिकारी रमेश चौहान के निवास पर भी पानी की जांच की।
जांच के दौरान पानी में क्लोरीन, टीडीएस, pH और कलर सहित विभिन्न भौतिक परीक्षणों के पैरामीटर सामान्य पाए गए। जलप्रदाय शाखा के केमिस्ट सुरेश पंवार ने बताया कि उपभोक्ता के यहां पानी में क्लोरीन की मात्रा करीब 0.2 पीपीएम, टीडीएस करीब 305 और pH 7 पाया गया। फील्ड टेस्ट में सभी पैरामीटर निर्धारित सामान्य सीमा में मिले तथा पानी में किसी प्रकार का कंटामिनेशन नहीं पाया गया।
जांच के दौरान क्षेत्र की पुरानी पानी की टंकी में पानी मटमैला दिखाई दिया। हालांकि टंकी से पानी निकालकर कांच के गिलास में जांच करने पर पानी साफ नजर आया। अधिकारियों के अनुसार टंकी पुरानी होने के कारण उसमें पानी का रंग मटमैला दिखाई देने की संभावना है।
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि शहर में पेयजल को लेकर मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पानी की गुणवत्ता की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।