नीमच। राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के तहत शुक्रवार को नीमच में बैंक अधिकारी और कर्मचारी पंजाब नेशनल बैंक की टैगोर मार्ग शाखा के बाहर एकत्र हुए और जोरदार नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लंबित मांगों पर सरकार और बैंक प्रबंधन की कथित उदासीनता के खिलाफ आवाज उठाते हुए मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।
हड़ताल में सरकारी क्षेत्र के बैंकों के साथ निजी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक और सहकारी बैंक भी शामिल रहे। इसके चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं। कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंक सप्ताह लागू करने, द्विपक्षीय समझौतों का पालन करने, पीएलआई से जुड़े मुद्दों के समाधान सहित अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारी नेताओं ने कहा कि बैंकों के विलय और कर्मचारियों की घटती संख्या का सीधा असर ग्राहक सेवाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध होने पर राष्ट्रीयकृत बैंक ग्राहकों को बेहतर सेवाएं दे सकते हैं। कर्मचारियों ने कहा कि शुक्रवार की एक दिवसीय हड़ताल सरकार को अपनी मांगों के प्रति ध्यान आकर्षित कराने का प्रयास है।
बैंक संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जा सकती है। इसके बाद 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल का भी आह्वान किया जा सकता है। हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से आम ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।