शिवपुरी। जिले की नरवर तहसील क्षेत्र के ग्राम नंदपुर में किसान युगल किशोर ओझा के परिवार की प्रसूता महिला को खेत से सड़क तक पहुंचने के लिए खाट का सहारा लेने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया। पीड़ित किसान की शिकायत पर नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी मौके पर पहुंचे और रास्ते की स्थिति का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि किसान की निजी भूमि सर्वे नंबर 58 से सड़क तक आने-जाने का रास्ता कथित रूप से बंद था। मौके पर पहुंचने के बाद तहसीलदार ने रास्ते को चिन्हित कराया और बंद मार्ग को चालू कराने की कार्रवाई शुरू कराई।
इस दौरान पड़ोसी किसान द्वारा तहसीलदार से कथित रूप से बहस किए जाने की स्थिति भी बनी, लेकिन तहसीलदार विजय कुमार त्यागी मौके पर कई घंटे डटे रहे और राजस्व अमले के साथ रास्ते की स्थिति स्पष्ट कराकर भराव कराते हुए आवागमन बहाल कराया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार को राहत मिली है। खासतौर पर प्रसूता महिला को खाट पर ले जाने की तस्वीर सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप लिया था। तहसीलदार की मौके पर मौजूदगी और कार्रवाई से ग्रामीणों में भी प्रशासन के प्रति सकारात्मक संदेश गया है।