इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में सम्मोहन और झांसेबाजी कर महिला से गहने ठगने का मामला सामने आया है। यादव नगर निवासी सुंदरबाई पति उदय सिंह गुरुवार को निजी काम से आकाश स्कूल के पास एक दुकान पर गई थीं। लौटते समय चौराहे पर एक अज्ञात युवक ने उनसे एटीएम का पता पूछा। महिला रास्ता बताने लगीं, तभी एक अन्य पुरुष और एक महिला भी वहां आ पहुंचे।
गहनों की जगह रुमाल में बांध दिए पत्थर
तीनों आरोपियों ने महिला को बातों में उलझाया और कंधों पर हाथ रखकर उन्हें एक खाली प्लॉट की तरफ ले गए। इसके बाद झांसे में लेकर महिला के सोने के कान के झुमके और मंगलसूत्र उतरवाकर रुमाल में रखवा दिए। आरोपियों ने महिला से कहा कि वे युवक का काम करवाकर लौट रहे हैं और उन्हें वहीं बैठने के लिए कहा।
दो-तीन घंटे बाद रुमाल खोला तो मिले पत्थर
महिला करीब दो-तीन घंटे तक आरोपियों का इंतजार करती रहीं। जब कोई वापस नहीं आया तो उन्होंने रुमाल खोलकर देखा। उसमें सोने के गहनों की जगह दो पत्थर रखे थे।
ठगी का पता चलने पर पीड़िता बाणगंगा थाने पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।