दतिया। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को दतिया पहुंचे, जहां स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। दतिया पहुंचने पर विधायक कुंअर घनश्याम सिंह ने उनका स्वागत किया।
कतार में लगकर किए मां पीतांबरा के दर्शन
दतिया पहुंचने पर कांग्रेस विधायक कुंअर घनश्याम सिंह और पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिग्विजय सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे प्रसिद्ध मां पीतांबरा मंदिर पहुंचे। आम श्रद्धालुओं की तरह दिग्विजय सिंह और विधायक घनश्याम सिंह ने भी कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया और मां पीतांबरा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में दर्शन के उपरांत उन्होंने प्रसाद भी ग्रहण किया।
मंदिर दर्शन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कांग्रेस विधायक कुंअर घनश्याम सिंह के किले पर पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात की और आगामी राजनीतिक गतिविधियों व संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।