नीमच। आयुष विभाग द्वारा जिले में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल 85 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
इसी क्रम में शासकीय आयुर्वेद औषधालय मनासा द्वारा शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय हॉसपुर तथा शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में शिविर आयोजित किया गया।
हॉसपुर में 49 लाभार्थियों ने लिया लाभ-
शिविर में आमवात, संधिवात, उदर रोग, विबंध, श्वास-कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह सहित विभिन्न रोगों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण भी किया गया। साथ ही तनाव प्रबंधन, नशामुक्ति, स्वच्छता एवं मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर जागरूक किया गया।
पिपल्या रावजी में पोषण पर जागरूकता-
नवम राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में आयोजित शिविर में किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को आहार विविधता और प्रोटीनयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई। शिविर में त्वचा रोग, उदर रोग, श्वास-कास, संधिवात, अम्लपित्त, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप से संबंधित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया और निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं। यहां 36 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। उपस्थित लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, तनाव प्रबंधन, नशामुक्ति एवं स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया।
हॉसपुर शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदनलाल पाटीदार ने सेवाएं दीं। डॉ. स्वाती जैन, मुकेश कुमार आर्य, माध्यमिक शिक्षक, श्रीमती रीना नरवरिया एवं श्रीमती सुशीला खिंचावत ने सहयोग किया। श्री अनिल धनगर सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं पिपल्या रावजी शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान, कंपाउंडर गोपाल कृष्ण गंधर्व, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं सहायिका उपस्थित रहीं।