खरगोन। जिले के कसरावद तहसील के ग्राम दुर्गापुर के 15 से 20 किसानों ने अद्वैत ग्रीन हाउस नर्सरी मांगरुल से मिर्ची के पौधे खरीदे थे। किसानों का आरोप है कि पौधे खराब निकलने से उनकी पूरी फसल बर्बाद हो गई है और लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
इस संबंध में किसान मजदूर महासंघ म.प्र. के निमाड़ प्रांत अध्यक्ष श्री जगदीश यादव के नेतृत्व में किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी कसरावद को आवेदन सौंपा है।
पीड़ित किसानों ने बताया कि उन्होंने अद्वैत ग्रीन हाउस नर्सरी मांगरुल से लगभग 3 लाख रुपये मूल्य के मिर्ची के पौधे 1.90 रुपये प्रति पौधे के मान से खरीदे थे। पौधे लगाने के बाद फसल पूरी तरह से जड़ से खराब हो चुकी है और फल पीला पड़ रहा है। कई खेतों में अफ़लन जैसी स्थिति है।
किसानों ने बताया कि इस मामले की शिकायत 8 दिन पहले उद्यानिकी अधिकारी (हॉर्टिकल्चर) श्री कृष्णकुमार ग्रेवाल से की थी और कृषि वैज्ञानिक द्वारा खेत में जांच की मांग की थी, लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई और न ही कोई संतोषजनक जवाब मिला।
किसानों का कहना है कि उन्होंने अपनी महिलाओं के गहने गिरवी रखकर बीज खरीदे थे और उनका परिवार पूरी तरह कृषि पर ही आधारित है। नर्सरी संचालक द्वारा अन्य गांव के किसानों को राशि लौटा दी गई है, लेकिन दुर्गापुर के किसानों को दौड़ाया जा रहा है और फोन नंबर तक ब्लॉक कर दिए गए हैं।
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि फसल का मौका जांच कराकर उचित मुआवजा राशि अद्वैत ग्रीन हाउस नर्सरी मांगरुल से दिलवाई जाए, अन्यथा किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।