कालापीपल। शाजापुर जिले की कालापीपल तहसील के ग्राम खोकरा कला में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम के भेरुजी के गोहे स्थित टीन शेड में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं से प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया।
शिविर की शुरुआत कलेक्टर रिजु बाफना और पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने मां सरस्वती के चित्र पर तिलक एवं माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित करके की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने शिविर में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीणों के आवेदन पंक्तिबद्ध तरीके से प्राप्त करवाए। संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर प्राप्त आवेदनों का तत्काल निराकरण करने अथवा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिला।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और नियमानुसार निराकरण की प्रक्रिया शुरू की।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सरिता भोजराज पवार, जिला पंचायत सदस्य नवीन शिंदे सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और उनके निराकरण की दिशा में पहल की।