खरगोन। नगर पालिका परिषद में आउटसोर्स पद्धति से साफ-सफाई कराई जा रही है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया से श्रमिक लगाने का ठेका दिया है। नई ठेका कंपनी से अगस्त माह का वेतन जारी होने पर गुरुवार को विवाद की स्थिति बनी। बड़ी संख्या में सफाईकर्मी एसडीएम कार्यालय परिसर स्थित नगर पालिका स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय पहुंचे। यहां स्वास्थ्य अधिकारी प्रकाश चित्ते के कक्ष में पहुंचकर जारी किए गए वेतन पर आपत्ति जताई। कर्मचारियों ने कलेक्टर दर से वेतन जारी करने की मांग की।
सफाईकर्मियों ने स्वास्थ्य अधिकारी को बताया कि ठेका पद्धति पर 54 कर्मचारी कार्यरत है। अब तक कलेक्टर दर से याने 12 हजार 125 रुपए वेतन दिया जा रहा था, लेकिन अगस्त माह में महज 7 हजार रुपए वेतन जारी किया गया है, जो न्यूनतम मजदूरी दर से भी कम है। कर्मचारियों ने कहा कि पूर्व में पीएफ काटकर 10 हजार 500 रुपए के करीब राशि मिल रही थी, लेकिन नई ठेका कंपनी ने महज 7 हजार रुपए वेतन जारी किया है, जो उनके पारिश्रमिक के बदले में बेहद कम है।
स्वास्थ्य अधिकारी चित्ते ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वे ठेका कंपनी को नोटिस जारी करेंगे। अनुबंध अनुसार वेतन नही देने पर ठेका निरस्त किया जाएगा।