नीमच। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को मनासा विकासखंड की तहसील रामपुरा का निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील कार्यालय में संचालित शासकीय कार्यों, आधार सेंटर, लोक सेवा गारंटी तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की।
कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रास्ता विवाद सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित एवं विवादित मामलों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन के आवेदनों को केवल तकनीकी खामियों के कारण निरस्त नहीं किया जाए। आवश्यक सुधार या पूर्ति के लिए आवेदक को उचित मार्गदर्शन देकर प्रकरण का संवेदनशीलता के साथ यथासंभव निराकरण किया जाए।
उन्होंने तहसीलदार न्यायालय के प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर कमियों को दूर करने तथा नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही पीएम स्वामित्व एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति बढ़ाने, पात्र हितग्राहियों की फार्मर रजिस्ट्री समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने तथा राजस्व अभिलेखों एवं कार्यालयीन रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने को कहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील कार्यालय आने वाले नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए और उन्हें शासन की सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर मिले। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। राजस्व कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और नागरिकों को कार्यालयीन सेवाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम मनासा किरण आंजना सहित संबंधित राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।