नीमच। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हिमांशु चंद्रा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के सहयोग से जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
इसी क्रम में 11 सितंबर की अलसुबह आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने नीमच पश्चिम वृत्त के ग्राम धामनिया पठारी, धामनिया जागीर, माताजी का खेड़ा और रामनगर सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान करीब 850 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 27 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 91 हजार 750 रुपए बताया गया है।
मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत 5 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं। कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. दांगी के मार्गदर्शन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. सिंगाड़ा के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में आबकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का दल शामिल रहा। विभाग ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।