नीमच। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को मनासा विकासखंड के रामपुरा स्थित सिविल अस्पताल एवं पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सिविल अस्पताल की ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, प्रयोगशाला, मरीज वार्ड, लेबर रूम तथा आयुष्मान कार्ड एवं जन आरोग्य संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों के स्टॉक, जांच व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत व्यवस्था की जानकारी ली तथा आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मरीजों से उपचार एवं अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिले तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हो।
उमंग स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण-
कलेक्टर ने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत संचालित उमंग स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर किशोर-किशोरियों को उपलब्ध कराई जा रही शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य संबंधी निरूशुल्क एवं गोपनीय परामर्श सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली-
पोषण पुनर्वास केंद्र में कलेक्टर ने भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य, उपचार एवं सुधार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मिल रहे पोषण आहार, दवाइयों, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कुपोषित बच्चों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार गुणवत्तापूर्ण उपचार एवं पौष्टिक आहार दिया जाए तथा उनके स्वास्थ्य में सुधार की नियमित निगरानी कर रिकॉर्ड संधारित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान आउटसोर्स कर्मचारियों ने वेतन संबंधी समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम किरण आंजना, सीएमएचओ डॉ. डी. प्रसाद, बीएमओ डॉ. साजिद अंसारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।