दतिया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को उनाव स्थित ग्राम पंचायत भवन में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान 70 से अधिक आवेदनों पर सुनवाई की गई। इनमें पेंशन, बिजली, अतिक्रमण सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन शामिल रहे। श्मशान घाट पर अतिक्रमण की शिकायत सामने आने पर कलेक्टर ने मामले को तत्काल टीएल में रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
योजनाओं की जानकारी देने लगाए गए स्टॉल
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। यहां ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से जुड़ी सेवाओं और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
पीएचसी उनाव का किया निरीक्षण
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उनाव का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में संचालित ऑनलाइन पर्ची व्यवस्था की सराहना की। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र के स्टाफ द्वारा गंभीरता और समर्पण के साथ मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशंसा की।
जनकल्याण शिविर के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनने और उनके त्वरित निराकरण की दिशा में कार्रवाई की। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों तक सीधे पहुंचने का अवसर मिला।