ऊन। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ऊन स्थित महालक्ष्मी मंदिर प्रांगण में जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रमुख सचिव, खनिज संसाधन विभाग विवेक पोरवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में प्रमुख सचिव पोरवाल ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना है। प्रशासन की वास्तविक कसौटी यही है कि आमजन शासकीय सेवाओं से कितना संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर गुरु प्रसाद के नेतृत्व में जिले में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।
कलेक्टर गुरु प्रसाद ने शिविर में आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, शिक्षा, श्रम, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए।
360 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण-
स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर 360 हितग्राहियों का पंजीयन हुआ। इनमें 168 पुरुष और 192 महिलाएं शामिल रहीं। शिविर में 22 गर्भवती महिलाओं की जांच, 102 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, टीबी जांच के लिए 25 एक्स-रे, 30 सिकल सेल जांच तथा 39 हड्डी रोग से संबंधित मरीजों की जांच की गई।
आयुष शिविर में 188 मरीजों को मिला लाभ-
आयोजित आयुष स्वास्थ्य शिविर में 188 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाएं वितरित की गईं। आयुष विभाग की टीम ने शिविर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर में डॉ. प्रितेश खर्ते (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, शासकीय आयुर्वेद औषधालय लिखी), डॉ. संजय बघेल (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, शासकीय आयुर्वेद औषधालय लोनारा), डॉ. सुलोचना आर्से (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, शासकीय आयुर्वेद औषधालय सतावड़), राकेश पाटीदार (आयुर्वेद कम्पाउंडर, लिखी), सुशील जोशी (आयुर्वेद कम्पाउंडर, नन्दगांव बगुद), जमुना कनोजे (महिला आयुर्वेद स्वास्थ्य कार्यकर्ता, लोनारा) एवं सुनील खाण्डे (दवासाज, लिखी) का सहयोग रहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापूसिंह परिहार, पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा, डीएफओ रमेश राठौर, अपर कलेक्टर रेखा राठौर, सीईओ मिलिंद नागदेवे, एसडीएम सत्येंद्र बैरवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।