रामपुरा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रामपुरा में आयोजित शिविर के दौरान उस समय राजनीतिक चर्चाओं को हवा मिल गई, जब हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए समाजसेवी सम्राट दीक्षित ने क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू एवं जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा का फूल-मालाओं से स्वागत किया। दीक्षित की इस सक्रियता पर मौके पर मौजूद भाजपा के कई दिग्गज कार्यकर्ताओं की नजरें भी टिकी रहीं। राजनीतिक गलियारों में इसे महज स्वागत कार्यक्रम न मानकर भाजपा में दीक्षित की बढ़ती सक्रियता और क्षेत्र में उनके बढ़ते प्रभाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि रामपुरा में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में नगर परिषद रामपुरा सहित आसपास की ग्राम पंचायतों के नागरिकों की समस्याओं के निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित जिला स्तरीय अधिकारी शिविर में आमजन से संवाद कर रहे थे।
कांग्रेस से भाजपा तक का सफर और अब सक्रिय भूमिका सम्राट दीक्षित का कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होना पहले ही क्षेत्रीय राजनीति में चर्चा का विषय रहा है। भाजपा में आने के बाद सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी सक्रियता अब राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से देखी जा रही है।
रामपुरा के इस कार्यक्रम में विधायक मारू और कलेक्टर का सार्वजनिक रूप से स्वागत करते हुए दीक्षित की मौजूदगी ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है क्या भाजपा में सम्राट दीक्षित का कद तेजी से बढ़ रहा है।