नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार प्राप्त शिकायतों के आधार पर राजस्व विभाग द्वारा शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम जमुनियारावजी में शासकीय चरागाह भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया गया। वहीं, नीमच सिटी-मऊ रोड स्थित भूमि का स्थल निरीक्षण कर मौके पर पाए गए अतिक्रमण एवं अन्य अवरोध भी हटाए गए।
नायब तहसीलदार मनासा के न्यायालय द्वारा जारी आदेश के पालन में ग्राम जमुनियारावजी स्थित शासकीय सर्वे क्रमांक 49/1/1, रकबा 9.72 हेक्टेयर, मद चरागाह भूमि में से लगभग 0.018 हेक्टेयर (2000 वर्गफीट) भूमि पर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की सहायता से हटाया गया। यह अतिक्रमण भूरालाल पिता देवा बंजारा, निवासी दांतोली द्वारा किया गया बताया गया। हटाए गए अतिक्रमण की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार नरेंद्र कुमार बारोठिया, राजस्व निरीक्षक कुलदीप डामोर, संबंधित पटवारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।
नीमच सिटी-मऊ रोड पर भी हटाए अवरोध-
इसी प्रकार नीमच सिटी-मऊ रोड स्थित भूमि के संबंध में सुरेंद्र दास बैरागी द्वारा की गई शिकायत पर प्रशासनिक अमले ने स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर पाए गए अतिक्रमण के साथ ही झाड़ियों एवं पत्थरों से किए गए अवरोध को भी हटाया गया।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार राजस्व विभाग द्वारा शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण की कार्रवाई निरंतर जारी है।