जीरन। 5 मध्यप्रदेश एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुनील चीकोड़े के नेतृत्व में सैन्य अधिकारियों के दल ने जीरन के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कर क्षेत्र की समृद्ध विरासत का अवलोकन किया। दल में मेजर विजय सिंह पुरावत, सीएचएम सुखचेन सिंह एवं हवलदार विष्णु खींची शामिल रहे।
भ्रमण के दौरान सैन्य अधिकारियों ने प्रसिद्ध किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। इसके बाद दल ने जीरन तालाब, ऐतिहासिक गरुड़ प्रतिमा सहित नगर एवं आसपास के प्रमुख स्थलों का अवलोकन किया। स्थानीय पत्रकार राजेश लक्षकार ने अधिकारियों को जीरन के गौरवशाली इतिहास, धार्मिक महत्व एवं प्राकृतिक सौंदर्य की जानकारी दी। क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से परिचित होने के बाद अधिकारियों ने इसकी सराहना की।
खींची परिवार से की आत्मीय मुलाकात-
दौरे के दौरान कर्नल सुनील चीकोड़े एवं अन्य अधिकारियों ने हवलदार विष्णु खींची के निवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर खींची परिवार की ओर से सैन्य अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के इस दौरे से नगरवासियों में उत्साह देखा गया। नागरिकों ने कहा कि सैन्य अधिकारियों के ऐसे भ्रमण से जीरन की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को व्यापक स्तर पर पहचान मिलने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।