दड़ोली। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल के अपर संचालक बलवंत वर्मा ने शुक्रवार को अंचल के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एडीपीसी निखिल पाटीदार एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी जावद एमएल वर्मा भी मौजूद रहे।
अपर संचालक वर्मा ने सबसे पहले शासकीय माध्यमिक विद्यालय पानोली एवं शासकीय प्राथमिक विद्यालय जगेपुर हाड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके शैक्षणिक स्तर का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों से गणित के सवाल हल करवाए गए तथा हिंदी एवं अंग्रेजी का पठन कराकर उनके शैक्षणिक स्तर की जांच की गई।
दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर संतोषजनक एवं अच्छा पाए जाने पर अपर संचालक वर्मा ने शिक्षकों एवं संस्था प्रमुखों की सराहना की। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति में निरंतर सुधार लाने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
त्रैमासिक परीक्षा व्यवस्था का भी लिया जायजा-
इसके बाद अपर संचालक ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनकपुर-मोरवन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में त्रैमासिक परीक्षाएं संचालित हो रही थीं। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर एवं विषयों की समझ की जानकारी ली।
अपर संचालक ने विद्यालय परिसर, स्वच्छता, शैक्षणिक वातावरण एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। विद्यालय की समग्र व्यवस्थाओं एवं परिसर को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। अधिकारियों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।