कसरावद। खरगोन जिले के कसरावद तहसील क्षेत्र में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम मगरखेड़ी में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां सड़क क्रॉस कर रहे एक ट्राले ने बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मार दी। हादसे में युवती की ट्रक के पहिए के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब 7 बजे ग्राम मगरखेड़ी में सोनू-मोनू होटल के सामने हुआ। इंदौर से मुंबई की ओर जा रहे बाइक सवार भूमि शर्मा और आशीष परमार को सड़क क्रॉस कर रहे ट्राले ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद भूमि शर्मा ट्राले के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं आशीष परमार घायल हो गए, जिन्हें हाईवे एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए ठीकरी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। हादसे के बाद थाना प्रभारी ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए युवती के शव को अपने हाथों से एंबुलेंस में रखवाया। उनके इस कार्य की मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सराहना की।
वहीं सूचना मिलने पर नेशनल हाईवे विभाग के टोल एरिया मैनेजर राकेश मंडलोई भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु करने के लिए टीम को लगाया गया। क्रेन की मदद से ट्राले को हटाकर युवती के शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्राला चालक की तलाश की जा रही है।