शाजापुर। जिले के अरनियाकला स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो आवासों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर यहां से करीब 3 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ले गए। विद्यालय परिसर में करीब 35 सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद हुई चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार चोरों ने विद्यालय परिसर में स्थित आवासों को निशाना बनाया। आरोप है कि चोरों ने पहले रेकी की और मौका मिलते ही टीजीटी संगीत शिक्षक संजय भट्ट के आवास के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखे जेवरात और नगदी चोरी कर ली गई। एक अन्य आवास को भी चोरों ने निशाना बनाया।
घटना का पता चलने के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर अवंतीपुर बड़ोदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी बज्रेश मिश्रा के अनुसार फरियादी के आवेदन की जांच के बाद मामला धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के तहत दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
35 सीसीटीवी और सुरक्षा गार्ड के बावजूद वारदात
विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए करीब 35 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद चोरों द्वारा आवासों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने में जुटी है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल
नवोदय विद्यालय एक आवासीय शिक्षण संस्थान है, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परिसर में रहकर पढ़ाई करते हैं। ऐसे में कैंपस के अंदर चोरी की घटना सामने आने के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों के बीच भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश
पुलिस विद्यालय परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर किस रास्ते से परिसर में दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। आसपास के संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत भी सामने आई है।