दतिया। नगर के टाउन हॉल स्थित पंच महादेव मंदिर के पास पार्किंग के लिए आरक्षित क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर पार्किंग क्षेत्र में वर्षों से किए गए अतिक्रमण को हटाया।
बताया गया कि प्रशासन द्वारा पंच महादेव मंदिर के पास के क्षेत्र को पार्किंग के लिए आरक्षित किया गया है। लेकिन कुछ लोगों ने यहां डिब्बे, ठेले और अन्य अस्थायी सामान रखकर कारोबार शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे पार्किंग क्षेत्र में अतिक्रमण बढ़ता चला गया, जिससे पार्किंग व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
शुक्रवार को प्रशासनिक टीम अचानक मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने स्वयं ही अपने ठेले, डिब्बे और अन्य सामान हटाकर मौके से ले गए, जबकि कुछ सामान को प्रशासनिक टीम ने जब्त कर लिया।
कार्रवाई के बाद पार्किंग के लिए आरक्षित क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त करा दिया गया। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी हलचल रही और लोगों की भीड़ भी जमा रही।
इस दौरान तहसीलदार अजय झा, यातायात निरीक्षक हिमांशु तिवारी सहित राजस्व, नगर पालिका और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने पार्किंग क्षेत्र में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसे लेकर भी निगरानी रखने की बात कही।