नीमच। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए नगर पालिका नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया लगातार निरीक्षण कर रही हैं। शुक्रवार को दोपहर की शिफ्ट में सफाई कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने की शिकायत पर उन्होंने विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अवैध निर्माण संबंधी शिकायत पर शास्त्री नगर स्थित आशा हॉस्पिटल एवं ओम हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया।
सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान 13 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन काटने तथा संबंधित क्षेत्रों के स्वच्छता पर्यवेक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
दो अस्पतालों के निर्माण दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश-
मुख्य नगर पालिका अधिकारी बामनिया ने शुक्रवार को राजस्व अधिकारी खेमचंद मुसले, स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, लोक निर्माण विभाग के हेमंत सिसोदिया एवं रवि भंडारी के साथ वार्ड क्रमांक 13 के शास्त्री नगर स्थित आशा हॉस्पिटल एवं ओम हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। अवैध निर्माण संबंधी शिकायत के मद्देनजर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्माण से संबंधित दस्तावेज नगर पालिका में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीएमओ ने वार्ड क्रमांक 12 के जवाहर नगर, वार्ड क्रमांक 13 के शास्त्री नगर तथा वार्ड क्रमांक 34 में किलेश्वर मंदिर के सामने ऑफिसर्स कॉलोनी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इन क्षेत्रों में 13 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
सुबह के साथ दोपहर में भी निरीक्षण के निर्देश-
सीएमओ बामनिया ने स्वास्थ्य अधिकारी को अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन काटने एवं संबंधित स्वच्छता पर्यवेक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे सुबह की शिफ्ट के साथ-साथ दोपहर में भी अपने-अपने क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करें।
उन्होंने कहा कि सफाई कार्य में लापरवाही या कर्मचारियों की अनुपस्थिति की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।