कसरावद। खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र की खामखेड़ा चौकी अंतर्गत ग्राम भम्ग्यापुर में खेत की मेड़ पर घास काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 1 सितंबर को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की इंदौर के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के अनुसार 1 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे चौनलाल पाटोदा खेत की मेड़ पर चारा काट रहा था। इसी दौरान पड़ोसी नेमीचन्द पाटोदा ने मेड़ को अपनी बताते हुए घास काटने पर आपत्ति जताई। आरोप है कि करीब तीन घंटे बाद नेमीचन्द अपने साथियों एडु, चन्दन और नरेन्द्र के साथ मौके पर पहुंचा और चौनलाल के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि नरेन्द्र ने चैनलाल के साथ लकड़ी से मारपीट की। पिता के साथ मारपीट होती देख बीच-बचाव करने पहुंचे प्रदीप, दुर्गेश और राहुल के साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई। इसी दौरान नेमीचन्द द्वारा दुर्गेश के सिर पर दरांती से वार करने का आरोप है। कुछ देर बाद विशाल भी मौके पर पहुंचा और मारपीट में शामिल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई है।
मारपीट में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए कसरावद अस्पताल ले जाया गया। गंभीर चोटों के चलते प्रदीप, राहुल और दुर्गेश को जिला अस्पताल खरगोन रेफर किया गया। इसके बाद दुर्गेश को बेहतर उपचार के लिए इंदौर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या सहित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ धारा 103 सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है। मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में भी तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।