तराना। उज्जैन स्थित प्राचीन खड़े हनुमान मंदिर को यथावत रखने की मांग को लेकर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद-राष्ट्रीय बजरंग दल की ओर से तराना तहसीलदार लखन लाल सुननिया को मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि उज्जैन सराफा, कंठाल एवं गोपाल मंदिर रोड स्थित खड़े हनुमान मंदिर प्राचीन आस्था का प्रमुख केंद्र है। संगठन का दावा है कि मंदिर करीब 1000 वर्ष से अधिक पुराना है। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों एवं सड़क चौड़ीकरण के नाम पर मंदिर के हिस्से को तोड़े जाने से श्रद्धालुओं में नाराजगी है।
संगठन ने कहा कि वह सिंहस्थ की तैयारियों और विकास कार्यों का विरोध नहीं करता, लेकिन विकास के साथ प्राचीन धार्मिक स्थलों के संरक्षण का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। ज्ञापन में मंदिर की प्रतिमा को वर्तमान स्थान पर ही यथावत रखने तथा मंदिर की क्षतिग्रस्त दीवार एवं शिखर का पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई।
इसके साथ ही टंकी चौराहा वाले वैकल्पिक स्थान के प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग भी रखी गई। संगठन ने प्रशासन से विकास कार्यों को लेकर संगठन एवं श्रद्धालुओं के साथ समन्वय स्थापित करने की अपील की।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद-राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा हनुमान भक्तों एवं हिंदू समाज के साथ मिलकर जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा।